
फरियादी, आगंतुकों एवं आमजनों से सभ्य व्यवहार कर वैधानिक कार्यवाही करें तथा पीक आवर्स में व्यस्ततम स्थानों पर भ्रमण कर यातायात व्यवस्था सुगम बनाएं
भोपाल। नवागत पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार द्वारा आज दोपहर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी, समस्त पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार ने परिचय प्राप्त करने के उपरांत जोनवार थाना क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय चुनौतियों तथा अपराधों की प्रवृत्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि पीक आवर्स के दौरान वरिष्ठ अधिकारी एवं थाना प्रभारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने क्षेत्रों के व्यस्ततम स्थानों पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाएंगे।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि—
- संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं बाजार क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए।
- वाहन चेकिंग अभियान प्रभावी रूप से चलाया जाए।
- हिस्ट्रीशीटर एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सतत निगरानी एवं चेकिंग की जाए।
- माइक्रो बीट सिस्टम के माध्यम से आमजन से संवाद स्थापित कर पुलिस सूचनातंत्र को मजबूत किया जाए।
साथ ही आम नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि फरियादियों, आगंतुकों एवं आमजनों से सदैव सभ्य, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा कानून के अनुरूप त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनविश्वास, कानून व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा है।









