
हिनौती। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत दो दिवंगत खाताधारकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की बीमा सहायता प्रदान की गई। अग्रणी जिला प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 फरवरी 2026 को Union Bank of India की हिनौती शाखा में आयोजित कार्यक्रम में यह राशि वितरित की गई।
शाखा प्रबंधक वरुण त्रिपाठी द्वारा ग्राहक सेवा की संवेदनशील पहल करते हुए दिवंगत खाताधारक छोटे लाल साहू की नामिनी राजकुमारी साहू को 2 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। इसी प्रकार, ग्राहक मिथिला सेन के आकस्मिक निधन के पश्चात उनकी नामिनी सुनीता सेन को भी 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत पात्र खाताधारकों को नाममात्र प्रीमियम पर जीवन बीमा सुरक्षा प्रदान की जाती है, जिससे आकस्मिक स्थिति में परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।

चेक वितरण के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक अवध बिहारी चौधरी, आरसेटीआई निदेशक शिवेन्द्र चौधरी, कुचवाही शाखा प्रबंधक अमित, एनआरएलएम अधिकारी अजय सिंह एवं उद्यानिकी विभाग से शिवेन्द्र पटेल उपस्थित रहे। सभी ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक ए.बी. चौधरी ने शाखा प्रबंधक वरुण त्रिपाठी को ग्राहक सेवा में तत्परता एवं कर्मनिष्ठा के लिए सम्मानित करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में संवेदनशीलता और समयबद्ध सेवा ही ग्राहकों का विश्वास सुदृढ़ करती है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही है और जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।








