
दोपहर तीन बजे से शुरु होगा मैच
विशाखापत्तनम :- महिला विश्वकप क्रिकेट में गुरुवार को भारतीय टीम का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय टीम का लक्ष्य इस मैच में भी अपनी जीत का सिलसिला बनाये रखना रहेगा। भारतीय टीम ने अब तक श्रीलंका और पाकिस्तान को हराया है और वह अंकतालिका में दूसरे नंबर पर है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी पहले नंबर पर है। भारतीय टीम अगर दक्षिण अफ्रीका को हरा देती है तो वह शीर्ष पर पहुंच जाएगी। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर सहित शीर्ष क्रम की बल्लेबाज पहले दो मैचों में असफल रही हैं, ऐसे में अब उनका लक्ष्य इस मैच में अधिक से अधिक रन बनाना रहेगा। भारतीय टीम को इस मैच में हरमनप्रीत के अलावा स्मृति मंधाना से भी बड़े स्कोर की उम्मीद रहेगा। ये तीनों ही श्रीलंका और पाक के खिलाफ विफल रहीं थी। अब तक हरलीन देयोल, अमनजोत कौर , रिचा घोष और दीप्ति शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम को इनसे इस मैच में भी उसी प्रकार का प्रदर्शन करने की उम्मीद रहेगी। पहले दोनो ही मैचों में भारतीय टीम को निचले क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छे स्कोर तक पहुंचाया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालांकि इस तरह की गलती स्वीकार नहीं की जा सकती और शीर्षक्रम के बल्लेबाजों को बेहतर रन बनाने होंगे। अगर परिणाम भारत के पक्ष में नहीं रहता तो अंकतालिका में वह नीचे आ सकती है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 12 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले के लिए भी टीम पर दबाव बढ़ जाएगा। पिछले दो मैचों में मुख्य बल्लेबाजों के नहीं चलने पर भी जीत मिलना टीम की गहराई और जुनून को दिखता है। वहीं दूसरी ओर गेंदबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्हें यह भी ध्यान रखना होगा कि विशाखापत्तनम की पिच गुवाहाटी या कोलंबो की तरह नहीं है। इसमें बल्लेबाजों को सहायता मिलती है। इसलिए और बेहतर गेंदबाजी करनी होगी। दीप्ति ने अभी तक छह विकेट लिए है। उन्हें स्पिनरों स्नेह राणा और श्री चरणी से अच्छा सहयोग मिला है। तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। बीमारी के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर रही ऑलराउंडर अमनजोत कौर भी फिट होने पर इस मैच में खेल सकती हैं। ऐसे में रेणुका सिंह को बाहर बैठना होगा। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मैच में न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया था जिससे उसके हौंसले बुलंद हैं। वह वहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 69 रन पर ही आउट हो गयी थी पर उसके बाद संभल गयी है और अब कोई गलती नहीं करना चाहेगी। उसके पास तजमीन ब्रिट्ज और सुने लूस के अलावा कप्तान लौरा वोल्वार्ट, मरियाने काप और एलेके बॉश जैसी बल्लेबाज हैं। तजमीन ने पिछले मैच में शानदार शतक लगाया था और वह ऐसा ही प्रदर्शन इस मैच में भी करना चाहेंगी। वहीं गेंदबाजी में नोंकु एमलाबा, अयाबोंगा खाका, काप, मसाबाता क्लास और क्लो ट्रायॉन जैसी गेंदबाज हैं जिनसे भारतीय टीम को सावधान रहना होगा। दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं : भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड़ दक्षिण अफ्रीका : लौरा वोलवार्ट (कप्तान), अयाबोंगा खाका, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लर्क, मरियाने काप, तजमिन ब्रिट्स, सिनालो जाफ्ता, नॉनकुलुलेको एमलाबा, एनेरी डर्कसन, एनेके बॉश, मसाबाता क्लास, सुने लूस, काराबो मेसो, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शांगासे।








