
दृष्टिबाधित, ऑटिस्टिक, एचआईवी और कैंसर से पीड़ित बच्चों की करती हैं मदद
मुंबई अभिनेत्री और सांसद जया बच्चन अक्सर अपने रवैये को लेकर ट्रोल होती रहती हैं। कई बार उन्हें फैंस और पैपराजी पर भी भड़कते देखा गया है, जिसे लेकर वह लोगों के निशाने पर आ जाती हैं। जया बच्चन को कई सेलिब्रेटीज भी रूड बता चुके हैं। इसी बीच हाल ही में अभिनेता सुशांत दिवगीकर ने एक लंबा नोट लिखकर उनका सपोर्ट किया और उनकी नेक दिली का खुलासा किया। जया के लिए ये पोस्ट अब खूब वायरल हो रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत दिवगीकर ने बताया कि कैसे जया बच्चन ने पिछले कुछ सालों में दृष्टिबाधित, ऑटिस्टिक, एचआईवी संक्रमित और कैंसर से पीड़ित बच्चों की मदद की है। सुशांत ने अपने नोट में लिखा कि वह अपने यूजर्स को जया बच्चन की असलियत के बारे में बताना चाहते हैं। उन्होंने लिखा- मैंने भी और आपमें से कई लोगों ने जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं जया दी के साथ बेरहमी से ट्रोलिंग और गाली-गलौज देखी होगी! उनके बारे में एक तरह की कहानी गढ़ी गई है और यह देखकर बहुत दुख होता है कि जो लोग उनके बारे में कुछ नहीं जानते, वे इतनी जल्दी इस बात पर कूद पड़े और उनके बारे में घटिया बातें कहने लगे! सुशांत ने बताया कि जया बच्चन से उनकी पहली मुलाकात 14 साल की उम्र में हुई थी, जब वे अपने माता-पिता को दृष्टिबाधित, नेत्रहीन और ऑटिज़्म से पीड़ित बच्चों के लिए मुंबई स्थित एक एनजीओ डीड्स के सहयोग से पहली बार आयोजित क्विज में मदद कर रहे थे। उनकी मां इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बनने के लिए मशहूर हस्तियों से संपर्क करने की कोशिश की थी। सुशांत ने बताया कि वहां रवीना टंडन, युवराज सिंह और जया बच्चन थे। जया उनकी मां के संपर्क में रहती थीं और कई शहरों, कस्बों और गांवों में कई बच्चों की शिक्षा, मासिक और वार्षिक राशन, यहां तक कि उनके परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों और जरूरी सामानों के लिए अतिरिक्त पैसे मुहैया कराती थीं। सुशांत ने बताया कि बदले में जया ने बस इतना कहा कि मीडिया वहां न आए। जया ने एचआईवी संक्रमित बच्चों के लिए अमिताभ बच्चन के साथ मिलकर पा की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की थी।








