
मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आया है।
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रविवार शाम बदखर इलाके में बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। शराब के नशे में पिता-पुत्र के बीच हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने बेकाबू होकर पिता पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक भइयन मवासी उर्फ गुल्ली मवासी (45) मूल रूप से बरौंधा थाना क्षेत्र के कैमहा गांव के निवासी थे और करीब 15 साल से सतना-सेमरिया मार्ग पर बदखर के लकड़ी के टाल में मजदूरी कर रहे थे। कुछ सालों से उनका बेटा रिंकू और परिवार के अन्य सदस्य भी वहीं काम करने लगे थे।
रविवार शाम दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे में धुत्त पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में रिंकू ने टाल में पड़ा डंडा उठाया और पिता के सिर व नाक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक भइयन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
घायल को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही कोलगवां थाना प्रभारी टीआई सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टाल के कर्मचारियों ने आरोपी बेटे रिंकू को उसी दौरान एक कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना रात करीब 8 बजे की है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।









