
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने एक बार फिर से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। जबलपुर में गोपाष्टमी पर्व के मौके पर आयोजित गोसंवर्धन संकल्प सभा में पहुंची उमा भारती ने मंच से ऐलान किया कि वह 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव में जरूर लड़ेंगी।
क्या कहा उमा भारती ने?
उमा भारती ने कहा, “मैंने चुनाव लड़ने से कभी इंकार नहीं किया था, बस उसे टाला था। सांसद और मंत्री बनने से आम जनता का भला करने का मौका मिलता है।” उन्होंने कहा कि वह लाड़ली बहनों को एक-एक दुधारू गाय देने की मांग करती हैं, जिससे उनकी आमदनी बढ़ सके।
झांसी से लड़ सकती हैं चुनाव
उमा भारती ने कहा कि अगर पार्टी कहेगी तो वह झांसी से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपनी इच्छा जाहिर की थी कि वह झांसी से चुनाव लड़ना चाहती हैं। उनका बुंदेलखंड क्षेत्र से गहरा जुड़ाव है, और वे चाहती हैं कि आने वाले लोकसभा चुनाव में बुंदेलखंड की जनता उन्हें फिर से संसद तक पहुंचाए।
गाय और गंगा पर भी बोलीं उमा भारती
उमा भारती ने गाय और गंगा से जुड़े मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि गाय सेक्युलरिज्म के चक्कर में फंस गई है, और कई नेता डर के मारे गाय पर बोलने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि वह इन मुद्दों पर काम करती रहेंगी और आम जनता के हित में काम करेंगी।









