
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय
मानव स्वास्थ्य तभी सुरक्षित है जब हम पशुओं और पर्यावरण का ध्यान रखें : डीन डॉ. धाकड़
वन हेल्थ पर गजराराजा मेडिकल कॉलेज से कटोराताल स्थित फ्लैग पाइंट तक निकाली गई रैली
ग्वालियर, 4 नवंबर 2025 । गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा ‘वन हेल्थÓ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य मानव, पशु और पर्यावरण के आपसी संबंधों को समझते हुए सामूहिक स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश देना था। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय अधिष्ठाता प्रो. डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने हरी झंडी दिखाकर किया।

यह रैली महाविद्यालय के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसकी थीम थी ‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य: मानव, पशु और पर्यावरण की भलाई के लिए एकजुट। ‘ इसमें विभाग के यूजी और पीजी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन बैनर लेकर नागरिकों को संदेश दिया कि पृथ्वी पर जीवन का संतुलन तभी संभव है जब मानव, पशु और प्रकृति — तीनों का स्वास्थ्य एक साथ सुरक्षित रखा जाए। रैली गजराराजा मेडिकल कॉलेज से कटोराताल स्थित फ्लैग पाइंट तक निकाली गई। विद्यार्थियों ने रास्ते में नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पशु स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। उन्होंने यह भी बताया कि कई संक्रामक बीमारियां जानवरों से इंसानों में फैलती हैं, इसलिए वन हेल्थ का सिद्धांत सभी के स्वास्थ्य की साझा जिम्मेदारी को रेखांकित करता है। फ्लैग पाइंट पर रैली के समापन अवसर पर अधिष्ठाता प्रो. डॉ. धाकड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वन हेल्थ की अवधारणा हमें यह सिखाती है कि मानव स्वास्थ्य तभी सुरक्षित है जब हम पशुओं और पर्यावरण का ध्यान रखें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज में इस जागरूकता को जन-आंदोलन का रूप दें।
जागरूकता रैली में विभागाध्यक्ष डॉ.मनोज बंसल, डॉ.प्रवीण गौतम, डॉ.अवधेश दिवाकर, डॉ.अक्षत पाठक, डॉ. ऋचा चंगुलानी सहित अन्य चिकित्सा शिक्षक सहित यूजी-पीजी विद्यार्थियों ने भाग लिया।








