
अशोकनगर। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 2 अप्रैल से 5 अप्रैल 2026 तक जिले के विस्तृत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, जनसुनवाई, हितग्राही सम्मेलन एवं अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार श्री सिंधिया 2 अप्रैल को सायं 7:15 बजे भोपाल से प्रस्थान कर रात्रि 10:45 बजे अशोकनगर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। 3 अप्रैल को वे प्रातः 11 बजे कजराई पहुंचकर ब्रिज एवं पंचायत भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:35 बजे ग्राम सीगोन तथा 1:15 बजे ग्राम गरेठी में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर 2 बजे पिपरई पहुंचकर जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद ग्राम शुक्लापुरी में भ्रमण कर सायं 5 बजे मुंगावली नगर परिषद मैदान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। सायं समय में मुंगावली एवं बंगला चौराहा क्षेत्र में स्थानीय भ्रमण के बाद रात्रि विश्राम हेतु अशोकनगर स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे।
4 अप्रैल को प्रातः 10 बजे कचनार में जनसुनवाई कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को किट वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात जिला अस्पताल का निरीक्षण एवं नए अस्पताल भवन के निर्माण स्थल का अवलोकन करेंगे। दोपहर 3:05 बजे तहसील भवन अशोकनगर का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद कलेक्ट्रेट में डीवीएमसी की बैठक एवं सायं प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी। 5 अप्रैल को प्रातः 11 बजे जनपद ग्राउंड अशोकनगर में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद ग्राम सारसखेड़ी में भ्रमण तथा जनपद पंचायत ईसागढ़ में जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:30 बजे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत फूक बावड़ी में श्रमदान कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को गृह प्रवेश एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री सिंधिया सायं 5:15 बजे ईसागढ़ से शिवपुरी के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरे के दौरान जिले में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने के साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए जनसुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से संवाद स्थापित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।









