
सभी कलेक्टर्स को भावांतर योजना की जानकारी देने के लिये मंडियो में हेल्प डेस्क स्थापित करने के दिये निर्देश
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आज आगामी 7-8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता ने होने वाली कलेक्टर्स-कमिश्नर्स कांफ्रेंस की तैयारियों को लेकर वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन, इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े, मेट्रो परियोजना के जीएम श्री रणवीर सिंह राजपूत, मेट्रो परियोजना के डीजीएम श्री कपिल रघवुंशी, संयुक्त आयुक्त विकास श्री डी.एस. रणदा, जनजातीय कार्य विभाग के संयुक्त संचालक श्री ब्रजेश कुमार पाण्डेय, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. सोजी जोसफ, उद्योग विभाग के संयुक्त संचालक एस.एस. मण्डलोई, नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक श्री एस.के सिन्हा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी 7 एवं 8 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस की पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करें। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि संभाग के सभी जिलों की मंडियों में भावांतर योजना शुरू होने जा रही है। इस योजना का अच्छे से व्यापक प्रचार-प्रसार करें। मंडियों में होर्डिंग पोस्टर्स लगाये। साथ ही सभी मंडियो में हेल्प डेस्क स्थपित करें। कही भी किसानों को इस संबंध में समस्या आये तो निराकरण के लिए त्वरित कार्य करें। जिससे किसानों को भावांतर योजना की समय पर सही जानकारी मिल सके और वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।









