
जिले से भाजपा नेता के रिश्तेदारों की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया
सतना। जिले से भाजपा नेता के रिश्तेदारों की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोलगवां थाना क्षेत्र के सगमनिया इलाके में रविवार देर रात एक विवाद के बाद घायल पीड़ितों पर पुलिस की मौजूदगी में दोबारा हमला कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि हमला करने वालों में भाजपा नेता का भतीजा भी शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित संदीप बंसल और शिवप्रसाद कोल का प्रमोद सिंह अप्पू से पुराना विवाद चल रहा था। रविवार शाम दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। प्रमोद सिंह और उसके साथियों ने दोनों को लाठी-डंडों से पीट दिया। घायल पीड़ित किसी तरह पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों को एमएलसी (मेडिकल जांच) के लिए जिला अस्पताल ले जाने के लिए वाहन में बैठाया।
लेकिन रास्ते में सिमरिया चौक पर भाजपा नेता के भाई कल्लू सिंह और उसके साथियों ने पुलिस वाहन रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और घायल पीड़ितों को जबरन वाहन से उतारकर दोबारा पीटा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि आखिर सतना में कानून के डर के बिना इस तरह की दबंगई कब तक जारी रहेगी।









