
उमरिया – पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जहां एक ओर वर्षों पुरानी जल संरचनाओं को पुनर्जीवित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नई जल संरचनाओं का निर्माण कर जल संरक्षण की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। उक्त आशय के विचार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम करौदी में आयोजित बोरी बंधान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्य्ाक्त किए । उन्होने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रो में छोटी छोटी जल संरचनाओं में बोरी बंधान के माध्यम से जल का संरक्षण एवं संवर्धन करने से जल स्तर बढेगा , जो यहां के मवेशियों एवं ग्रामीणों के काम आएगा। उन्होने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान” केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन चुका है। जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन और विकास के इन प्रयासों से न केवल जल संकट का समाधान संभव होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सतत जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत करकेली ऋषभ शुक्ला सहित खंड स्तरीय अधिकारी एवं बडी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे ।









