
Written by
HQ Report
बेमेतरा। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (आईपीएस) ने पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाने की दिशा में शुक्रवार को रक्षित केन्द्र (पुलिस लाइन) बेमेतरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का विस्तृत अवलोकन करते हुए शस्त्रों के रख-रखाव, सरकारी वाहनों की स्थिति, साफ-सफाई, पुलिस बल की कार्यक्षमता तथा अनुशासन व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस संसाधनों का बेहतर रख-रखाव, समयबद्ध कार्यप्रणाली और अनुशासन ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला हैं।
निरीक्षण के दौरान एसपी त्रिलोक बंसल ने शस्त्रागार शाखा, आर्म्स शाखा, वाहन शाखा, रीडर शाखा, रोजनामचा कक्ष, क्वार्टर गार्ड, जिम, कैंटीन, डॉग स्क्वॉड, टेंट स्टॉक, एमटी सेट, पुस्तकालय, नव आरक्षक बैरक तथा ऑफिसर मेस सहित रक्षित केन्द्र की विभिन्न इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक शाखा की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

आर्म्स शाखा के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी शस्त्रों के नियमित रख-रखाव, समय पर सफाई और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की दक्षता और सुरक्षा के लिए शस्त्रों का हर समय पूर्णतः कार्यशील स्थिति में रहना अत्यंत आवश्यक है।
वाहन शाखा में निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस के शासकीय वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वाहन शाखा प्रभारी को निर्देशित किया कि सभी वाहनों का नियमित रख-रखाव किया जाए तथा किसी भी तकनीकी खराबी का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए वाहनों का बेहतर संचालन और रख-रखाव अत्यंत महत्वपूर्ण है।










