
Written by
HQ Report
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रहे मुख्य अतिथि, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं नागरिक हुए शामिल
सतना। संस्कार भारती, सतना के तत्वावधान में शनिवार सायंकाल वीआईटीएस (VITS) महाविद्यालय सभागार, सतना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक एवं प्रथम सरसंघचालक परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन चरित्र पर आधारित “युगप्रवर्तक” नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रस्तुत “युगप्रवर्तक” नाटक का निर्माण नादब्रह्मा, नागपुर द्वारा किया गया। नाट्य प्रस्तुति में डॉ. हेडगेवार के जीवन, उनके व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा संगठन निर्माण की यात्रा को नाटकीय शैली में प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने संवाद, अभिनय और मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से उनके जीवन के विभिन्न प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया, जिसे दर्शकों ने गंभीरता और रुचि के साथ देखा।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और सामाजिक जागरण के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों और कार्यों ने अनेक लोगों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति सेवा और समर्पण की प्रेरणा दी। नाटक में उनके जीवन के विभिन्न आयामों को सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाने का प्रयास किया गया।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से राष्ट्र, समाज और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने कलाकारों के अभिनय और प्रस्तुति की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में सांस्कृतिक चेतना के विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री गणेश सिंह, महापौर श्री योगेश कुमार ताम्रकार, महंत श्री साकेत बिहारी शरण जी महाराज, दीनदयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री अभय महाजन, श्री उत्तम बनर्जी, श्री मणिकांत माहेश्वरी सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे। इनके साथ विचार परिवार से जुड़े कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा, शिक्षक, विद्यार्थी एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।










