
Written by
HQ Report
नई दिल्ली। देश में लंबे समय से लंबित विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए आज एक ऐतिहासिक सहमति बनी है। परियोजना से जुड़े हितधारक राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान ने इसके क्रियान्वयन के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने पर सहमति जताई है।
केंद्र सरकार लंबे समय से लंबित विषयों के समाधान और विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना को लेकर बनी यह सहमति जल प्रबंधन, ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
किशाऊ परियोजना का उद्देश्य जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विभिन्न राज्यों की आवश्यकताओं को पूरा करना है। परियोजना के माध्यम से जल भंडारण, सिंचाई सुविधा, पेयजल उपलब्धता और जल विद्युत उत्पादन को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
इस समझौते से संबंधित राज्यों के बीच जल संसाधनों के न्यायसंगत उपयोग और परियोजना से मिलने वाले लाभों के उचित वितरण का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।










