
Written by
HQ Report
सतना। सतना जिले को तकनीकी और औद्योगिक विकास के नए आयामों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। नगर पालिक निगम सतना के महापौर योगेश कुमार ताम्रकार द्वारा सतना में आईटी पार्क स्थापित करने के लिए किए गए प्रयासों को अब गति मिलती दिखाई दे रही है। सतना में आईटी पार्क एवं औद्योगिक क्षेत्र के विकास की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिससे जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और निवेश की नई संभावनाएं बनने की उम्मीद है।
महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सतना जिले में आईटी पार्क की आवश्यकता और संभावनाओं से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि सतना केवल मध्यप्रदेश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र ही नहीं, बल्कि विंध्य क्षेत्र का महत्वपूर्ण शहर है। यहां बड़ी संख्या में युवा तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर आईटी क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रतिभाओं का पलायन अन्य महानगरों की ओर हो रहा है।
सतना में आईटी पार्क की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपने ही शहर में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इसके साथ ही आईटी कंपनियों, स्टार्टअप और तकनीकी संस्थानों के आने से जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।










