
Written by
HQ Report
ग्वालियर। भारत विकास परिषद, मध्य भारत उत्तर प्रांत की ‘सहयोग’ शाखा द्वारा सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए मंगलवार को जनकताल गौशाला में वृहद गौ-सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बहोड़ापुर तिराहा पर पिछले तीन वर्षों से प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे सामूहिक राष्ट्रगान से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं नागरिक शामिल हुए। राष्ट्रगान कार्यक्रम मुख्य अतिथि श्री संजीव सिंह सिकरवार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रांतीय मीडिया प्रभारी अशोक गर्ग ने बताया कि सेवा गतिविधियों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का शाखा पदाधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य जनकताल गौशाला पहुंचे, जहां गौ-सेवा के लिए लगभग 500 किलोग्राम हरे चारे तथा उत्तम गुणवत्ता के गुड़ की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गौशाला परिसर एवं आसपास के वन्य जीवों, विशेष रूप से बंदरों के लिए केले की भी व्यवस्था की गई। सभी सदस्यों ने अपने हाथों से गौमाता को हरा चारा और गुड़ खिलाकर सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री संजीव सिंह सिकरवार ने भारत विकास परिषद ‘सहयोग’ शाखा द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौ-सेवा, जीव-दया और समाजसेवा भारतीय संस्कृति के मूल संस्कार हैं। उन्होंने कहा कि संकट की परिस्थितियों में मूक पशुओं की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि सच्ची मानवता का परिचायक भी है। परिषद द्वारा निरंतर चलाए जा रहे सेवा प्रकल्प समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और नई पीढ़ी को सेवा, संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। गौ-सेवा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, राष्ट्रभक्ति और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में परिषद लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। शाखा द्वारा समय-समय पर आयोजित सेवा गतिविधियों में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता भी लगातार बढ़ रही है, जिससे सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना मजबूत हो रही है।










