
Written by
HQ Report
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व और सम्मान का एक महत्वपूर्ण अवसर उस समय आया, जब कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (आईपीएस) ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर के शीर्ष अधिकारियों में स्थान प्राप्त किया। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए उन्होंने देश के शीर्ष पाँच अधिकारियों में अपनी जगह बनाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतिष्ठित “हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट” प्रदान किया गया। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग और कोंडागांव जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
देश की सबसे प्रतिष्ठित पुलिस प्रशिक्षण संस्थाओं में शामिल सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए आईपीएस अधिकारियों की प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, व्यवहारिक पुलिसिंग, अनुशासन तथा आधुनिक पुलिस प्रबंधन की समझ का व्यापक मूल्यांकन किया गया। ऐसे प्रतिस्पर्धी वातावरण में शीर्ष पाँच अधिकारियों में स्थान बनाना किसी भी अधिकारी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
जानकारी के अनुसार, 48वां आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स 6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, खुफिया समन्वय, तकनीकी संसाधनों के उपयोग, सामुदायिक पुलिसिंग तथा नेतृत्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों का मूल्यांकन कई स्तरों पर किया गया, जिसमें कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी का विश्लेषण, प्रशासनिक समझ, अनुशासन, व्यवहारिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, समूह कार्य, प्रस्तुतिकरण तथा एमसीक्यू आधारित परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मानक शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। प्रशिक्षण के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी, समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता तथा आधुनिक पुलिसिंग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की। यही कारण रहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सूची में स्थान मिला और प्रतिष्ठित “हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट” से सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक अधिकारी को किसी व्यवहारिक विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी देना था। इस अवसर पर एसपी पंकज चंद्रा ने अपने प्रेजेंटेशन के लिए कोंडागांव जिले की महत्वपूर्ण पहचान केशकाल घाटी के यातायात प्रबंधन को विषय बनाया। उन्होंने घाटी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, यातायात नियंत्रण तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर आधारित विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
उन्होंने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि केशकाल घाटी राज्य की महत्वपूर्ण परिवहन धुरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री वाहन, मालवाहक ट्रक तथा अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे क्षेत्र में प्रभावी यातायात प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण, आपदा की स्थिति में त्वरित राहत तथा तकनीकी निगरानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग, बेहतर साइन बोर्ड, आपातकालीन सहायता प्रणाली, समन्वित पुलिसिंग तथा जनजागरूकता अभियानों जैसे उपायों पर विशेष बल दिया।










