
एक दिवसीय कार्यशाला में चयनित युवाओं को मिला मार्गदर्शन, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर विकास कार्यों से जुड़ने का मिला अवसर
भोपाल। युवाओं को नेतृत्व, जनसेवा, सुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “इंटर्नशिप विथ नरेन्द्र शिवाजी पटेल” योजना के 11वें बैच का शुभारंभ रविवार को भोपाल स्थित ‘काशी सेवा सदन’ कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर चयनित युवा प्रतिभागियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्व और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यशाला के समापन सत्र में राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने चयनित युवा साथियों से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा ऊर्जा होती है। यदि युवाओं को सही दिशा, उचित अवसर और सकारात्मक मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को जमीनी स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था, जनसमस्याओं और विकास योजनाओं से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य में प्रभावी नेतृत्व के रूप में समाज के सामने आएँ। उन्होंने कहा कि उदयपुरा विधानसभा का प्रत्येक युवा प्रतिभाशाली, आत्मविश्वासी और कर्मठ बने, यही इस योजना का मूल उद्देश्य है। आज का युवा केवल रोजगार का आकांक्षी नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का वाहक भी बन सकता है। यदि उसे सही अवसर और अनुभव मिले तो वह शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, सामाजिक सेवा, उद्यमिता अथवा किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है।
अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन, परिश्रम और समाज के प्रति संवेदनशीलता किसी भी सफल व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को केवल सैद्धांतिक रूप में न रखें, बल्कि उसे व्यवहारिक रूप से अपने ग्राम, वार्ड और समाज में लागू करने का प्रयास करें। कार्यशाला के दौरान विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इनमें नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, प्रभावी संवाद कौशल, डिजिटल तकनीक का उपयोग, शासन की जनकल्याणकारी योजनाएँ, पंचायत एवं नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली, सामाजिक सहभागिता तथा जनसेवा के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इन सत्रों में भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में चयनित युवाओं को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर विशेष कार्य (टास्क) सौंपे गए। इन कार्यों के माध्यम से प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क, सामाजिक जागरूकता, विकास योजनाओं की जानकारी, स्थानीय समस्याओं का अध्ययन तथा नागरिकों से संवाद स्थापित करेंगे। इसके साथ ही उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर विकास गतिविधियों का अवलोकन कर अपने अनुभवों का प्रतिवेदन तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह इंटर्नशिप योजना युवाओं को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक अभिनव पहल है। इसके माध्यम से युवा शासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए स्थानीय विकास कार्यों को समझेंगे तथा समाज सेवा की भावना को आत्मसात करेंगे। योजना का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें जनहित के कार्यों के प्रति प्रेरित करना है। राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रदेश और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। इसलिए युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रहकर समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें व्यवहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने चयनित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें। साथ ही यह भी जानकारी दी कि इंटर्नशिप योजना के 12वें बैच की सूची शीघ्र जारी की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को इस पहल से जुड़ने का अवसर मिल सके। कार्यक्रम के समापन पर 11वें बैच के सभी चयनित युवा साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। उपस्थित युवाओं ने भी इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि युवा शक्ति को सही दिशा और अवसर प्रदान कर उन्हें भविष्य का सक्षम नेतृत्व विकसित किया जा सकता है।









