
भोपाल, 6 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज भोपाल में मध्यप्रदेश शासन एवं भारतीय गुणवत्ता परिषद् (QCI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘NABH गुणवत्ता यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े चिकित्सकों, अस्पताल संचालकों एवं विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अस्पतालों में मरीजों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं विश्वसनीय उपचार उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मानकों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आयोजित NABH गुणवत्ता यात्रा प्रदेश के अस्पतालों को गुणवत्ता उन्नयन के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम में कहा गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य संस्थानों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने NABH (National Accreditation Board for Hospitals & Healthcare Providers) के गुणवत्ता मानकों, मरीजों की सुरक्षा, अस्पताल प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, उपचार प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि NABH मानकों को अपनाने से अस्पतालों की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और मरीज-केंद्रित बनेगी।
चिकित्सकों एवं अस्पताल संचालकों से आह्वान किया गया कि वे अपने संस्थानों में गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए NABH मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करें। इससे न केवल मरीजों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी।
कार्यक्रम में विश्वास व्यक्त किया गया कि ‘NABH गुणवत्ता यात्रा’ मध्यप्रदेश के अस्पतालों को गुणवत्ता उन्नयन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ प्रदेश में उत्कृष्ट, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार, चिकित्सा विशेषज्ञों और अस्पताल प्रबंधन के समन्वित प्रयासों से मध्यप्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।









