
Written by
HQ Report
मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में हुआ धार्मिक आयोजन, जनकल्याण एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना
ग्वालियर। श्रद्धा, संस्कार और जनकल्याण के प्रेरणास्रोत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम ग्वालियर स्वर्गीय श्री देवेंद्र सिंह तोमर की पावन जयंती के अवसर पर मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, पड़ाव पुल के नीचे, ग्वालियर में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर स्वर्गीय देवेंद्र सिंह तोमर को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सुंदरकांड पाठ के दौरान भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।










