
Written by
HQ Report
भोपाल। राष्ट्रीय यादव महासभा द्वारा संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के उत्थान के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 19 जुलाई 2026 को जबलपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक राष्ट्रीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह यादव के संयोजन में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से पदाधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक में बताया गया कि जबलपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक समाज के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक एकता, युवा नेतृत्व के सशक्तिकरण तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। इसमें विभिन्न जिलों से आने वाले पदाधिकारी संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे।
बैठक के दौरान यह निर्णय भी लिया गया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, प्रशासन, संस्कृति तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और समाज में शिक्षा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।










