
Written by
HQ Report
भोपाल। मध्यप्रदेश की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने सोमवार को लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में श्रावण मास मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक पूज्य स्वामी श्री रामप्रवेश देवाचार्य जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुई, जिसमें मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सुचारु व्यवस्था प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छ वातावरण और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के उपरांत श्रीमती कृष्णा गौर ने पूज्य स्वामी श्री रामप्रवेश देवाचार्य जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।










