
Written by
HQ Report
धवई। ग्राम पंचायत धवई में कृषि विभाग द्वारा आयोजित बीज वितरण कार्यक्रम में किसानों को उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीज वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को समय पर बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन बढ़ाना तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा गया कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि ही प्रदेश एवं राष्ट्र के विकास का आधार है। सरकार किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत संसाधन तथा विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्नत बीजों के उपयोग से फसल उत्पादन में वृद्धि होगी, खेती की लागत और गुणवत्ता में सुधार आएगा तथा किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

कृषकों से वैज्ञानिक खेती अपनाने, मिट्टी परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जल बचत तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया गया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध किसान बनने का संदेश दिया गया।










