
Written by
HQ Report
ग्वालियर। “नर सेवा ही नारायण सेवा” के पावन संदेश को चरितार्थ करते हुए भारत विकास परिषद ‘सहयोग’ शाखा ने गुरुवार को एक प्रेरणादायी सेवा कार्य का आयोजन किया। शाखा के वरिष्ठ सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक रामकृष्ण सुमन अग्रवाल ने अपनी दिवंगत छोटी बहन की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में नाका चंद्रबदनी स्थित स्वर्ग सदन आश्रम (गुडा-गुड़ी का नाका) में निवासरत 150 निराश्रित, असहाय, पीड़ित एवं दिव्यांगजनों को ससम्मान भोजन कराया।
शाम 7 बजे आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में भोजन वितरण के साथ मानवता, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का अनुपम संदेश दिया गया। भोजन ग्रहण करने वाले सभी लोगों का आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वागत किया गया, जिससे आयोजन का वातावरण भावनात्मक और प्रेरणादायी बन गया।
इस अवसर पर रामकृष्ण सुमन अग्रवाल ने कहा कि अपनी बहन की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम सेवा कार्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर संतोष और मुस्कान लाई जा सके, तो वही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी समय-समय पर ऐसे सेवा कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।










