
Written by
HQ Report
मंडला। जिले के सांदीपनि विद्यालय परिसर, सागर में आयोजित भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके तथा मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अवलोकन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडल, नवाचार और तकनीकी प्रयोग आकर्षण का केंद्र रहे। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदर्शनी के दौरान मंत्रियों ने विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके मॉडल की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और उपयोगिता के बारे में जानकारी ली तथा वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल और व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करने के प्रयासों की प्रशंसा की। छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडल प्रस्तुत किए और विज्ञान के माध्यम से समाज की समस्याओं के समाधान से जुड़े विचार साझा किए।

प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोधकर्ता बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच मिलता है और उनमें नई सोच विकसित होती है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी आधुनिक विज्ञान और तकनीक के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, प्रयोग करने और नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ नवाचार का समन्वय ही भविष्य की सफलता का आधार है।
प्रदर्शनी के बाद मंत्रीगण एवं सांसद ने विद्यालय में संचालित ‘प्रोजेक्ट संकल्प’ की कक्षाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा नवाचार आधारित शिक्षा पद्धति की जानकारी प्राप्त की और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।










