
Written by
HQ Report
ग्वालियर। भारत विकास परिषद, मध्य भारत उत्तर प्रांत की ‘सहयोग’ शाखा द्वारा रविवार को मानव सेवा और जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए माधोगंज (लश्कर) स्थित आहुजा क्लिनिक में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र के 181 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य आमजन, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
प्रांत की मीडिया प्रभारी अशोक गर्ग ने बताया कि शिविर में डायबिटीज (मधुमेह) और ब्लड प्रेशर की नि:शुल्क जांच की गई। साथ ही महिला मरीजों के लिए स्त्री रोग संबंधी विशेष परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी की गई थी। जनरल फिजिशियन एवं त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आहूजा ने सामान्य एवं त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार संबंधी सलाह दी। वहीं डॉ. नेहा गुप्ता एवं डॉ. अभिनंदनी ने महिला मरीजों की जांच कर स्त्री रोग संबंधी समस्याओं पर विस्तृत परामर्श प्रदान किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी गई।










