
Written by
HQ Report
सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अपने सिंगरौली प्रवास के दौरान सूर्या भवन में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से आत्मीय भेंट कर संगठनात्मक गतिविधियों, जनसेवा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित इस बैठक में कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए आगामी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन की मजबूती, सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सुझाव भी साझा किए और स्थानीय आवश्यकताओं से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।










