
मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाने आयोजित किए जा रहे विशेष “मनोबल सत्र”
भोपाल। वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य को लेकर बढ़ती चुनौतियों के कारण मानसिक तनाव की समस्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत, आत्मविश्वासी और सकारात्मक सोच वाला बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा एक महत्त्वपूर्ण पहल की गई है। विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विशेष “मनोबल सत्र” आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाना और उन्हें तनावमुक्त वातावरण प्रदान करना है।
इन मनोबल सत्रों में मनोवैज्ञानिकों, शिक्षकों और विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया जाता है। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास बढ़ाने और लक्ष्य निर्धारण जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देते हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को यह भी समझाया जाता है कि असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने का एक अवसर है।

सत्रों के दौरान विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं और चिंताओं को खुलकर साझा करने का अवसर भी दिया जाता है। कई बार छात्र परीक्षा के दबाव, प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक अपेक्षाओं और करियर को लेकर चिंता से घिर जाते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ उनकी बात सुनकर उन्हें उचित सलाह देते हैं और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित करते हैं। इस प्रक्रिया से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी उतना ही आवश्यक है। यदि छात्र मानसिक रूप से स्वस्थ और संतुलित होंगे, तो वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ-साथ जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकेंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित इन “मनोबल सत्रों” से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। साथ ही कॉलेज परिसरों में सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण भी विकसित हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक विद्यार्थी आत्मविश्वास से भरपूर, मानसिक रूप से सशक्त और अपने भविष्य के प्रति आशावादी बने, ताकि वह समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सके।









