
भोपाल। राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित देश के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के स्थापना दिवस पर संगठन के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी गई। इस अवसर पर कहा गया कि “छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है” और युवा शक्ति के जागरण से ही सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
संदेश में कहा गया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही “ज्ञान, शील और एकता” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और सेवा भाव के संस्कार विकसित करने का कार्य कर रही है। संगठन ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, आपदा राहत, रक्तदान, जनसेवा और राष्ट्रीय एकता जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कहा गया कि एबीवीपी ने समय-समय पर छात्रों के हितों की आवाज बुलंद करने के साथ-साथ राष्ट्रहित के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा परिसरों में सकारात्मक वातावरण के निर्माण, युवा नेतृत्व के विकास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
संदेश में विश्वास व्यक्त किया गया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भविष्य में भी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विद्यार्थियों को समाज और देश की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।









