
Written by
HQ Report
ग्वालियर। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में गोपाल किरन समाजसेवी संस्था (GKSSS) ने शासकीय कनिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरोली (मुरार), ग्वालियर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्टेशनरी सामग्री वितरित कर एक प्रेरणादायी पहल की। संस्था ने विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल, रबर, स्केल, शार्पनर और डॉट पेन सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई तथा शिक्षा के साथ आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजीविका मिशन, जनपद मुरार के बृजेश सिंह जादौन रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुआ, जिसका नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों, शिक्षा के महत्व, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में संस्था से जुड़े वैशाली माखीजानी, राखी राठौर, अजय कुमार मिश्रा, रूना, मनीष उपाध्याय सहित यूपीईएस, देहरादून से इंटर्नशिप कर रहे दिव्यान मिश्रा, काव्या एवं प्रियांशु भी उपस्थित रहे। इंटर्न विद्यार्थियों ने बच्चों से संवाद करते हुए नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सामाजिक संवेदनशीलता का महत्व बताया।
अपने संबोधन में संस्था के अध्यक्ष श्रीप्रकाश सिंह निमराजे ने कहा कि सरकार द्वारा शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है, लेकिन केवल पुस्तकें ही पर्याप्त नहीं हैं। यदि विद्यार्थियों के पास लिखने के लिए कॉपी, पेंसिल और अन्य आवश्यक स्टेशनरी उपलब्ध नहीं होगी, तो वे पुस्तकों का समुचित उपयोग नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक विद्यार्थी को अध्ययन के साथ लेखन के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध हों।










