
Written by
HQ Report
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के स्थानांतरण के अवसर पर गुरुवार को सम्मान और विदाई का भावुक माहौल देखने को मिला। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, अधिवक्ता संघ, महिला मंडल, वरिष्ठ नागरिक संघ, शिक्षकों, स्कूल संचालकों, समाजसेवियों तथा स्कूली बच्चों ने उनसे सौजन्य मुलाकात कर उनके सफल कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में सूरजपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनहित से जुड़े अनेक नवाचार किए। साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता अभियान, पुलिस-जन संवाद, सामुदायिक पुलिसिंग, स्कूलों में सुरक्षा कार्यक्रम तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसी पहलें उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां रहीं। उनके प्रयासों से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग का वातावरण मजबूत हुआ।

सम्मान समारोह में डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूरजपुर में मिला सहयोग उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में कार्यकाल के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, मीडिया, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पुलिस परिवार का निरंतर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत जनसेवा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में कई सकारात्मक कार्य सफलतापूर्वक किए जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की सफलता जनता के विश्वास और सहयोग पर निर्भर करती है तथा सूरजपुर की जनता ने हमेशा पुलिस का साथ दिया।
उन्होंने जिलेवासियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सूरजपुर पुलिस आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करती रहेगी और जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि श्री ठाकुर ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष, संवेदनशील और पारदर्शी पुलिसिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक जागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी, जिससे पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत हुई। साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रमों को लेकर उनकी सक्रिय भूमिका की विशेष सराहना की गई।










