
Written by
HQ Report
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीति, निवेश-अनुकूल वातावरण, आधुनिक आधारभूत संरचना तथा रोजगार सृजन पर केंद्रित योजनाओं के कारण राज्य देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। “हर क्षेत्र में उद्योग, हर जिले में विकास” की अवधारणा को साकार करते हुए सरकार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े औद्योगिक निवेश, नए इंडस्ट्रियल पार्क, आईटी पार्क, रक्षा उद्योग तथा विनिर्माण इकाइयों की स्थापना पर तेजी से कार्य कर रही है।
मध्यप्रदेश भौगोलिक दृष्टि से देश के मध्य में स्थित होने के कारण उद्योगों के लिए अत्यंत अनुकूल राज्य माना जाता है। उत्कृष्ट सड़क, रेल और हवाई संपर्क, पर्याप्त भूमि, ऊर्जा उपलब्धता तथा उद्योग हितैषी नीतियां निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं। राज्य सरकार लगातार निवेशकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं।










